ग्राम पंचायत बुंदेली के वार्ड क्रमांक 05 में पेयजल संकट, बोरवेल खनन की मांग को लेकर पंच जसवंत सिंह सायसेरा ने दिया अल्टीमेटम

सक्ति।ग्राम पंचायत बुंदेली के वार्ड क्रमांक 05 में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधि और वार्डवासी खुलकर सामने आ गए हैं। वार्ड क्रमांक 05 के पंच जसवंत सिंह सायसेरा ने इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए जनपद पंचायत मालखरौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए वार्ड में शीघ्र बोरवेल खनन कराने की मांग की है। उन्होंने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि 25 मार्च तक वार्ड में बोरवेल खनन का कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता है, तो वे जनपद पंचायत मालखरौदा कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण एवं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने के लिए बाध्य होंगे। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बुंदेली के वार्ड क्रमांक 05 में काफी समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। और गर्मी का मौसम चल रहा हैं। जिससे और गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा हैं,जिसके कारण वार्डवासियों को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड पंच जसवंत सिंह सायसेरा ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम पंचायत की हर बैठक में मौखिक रूप से चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने पंचायत के सरपंच मुकेश कुमार सारथी एवं सचिव सुशीला भारद्वाज के समक्ष भी कई बार वार्ड क्रमांक 05 में बोरवेल खनन कराने की आवश्यकता को उठाया है। बावजूद इसके अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे वार्डवासियों में निराशा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पंच जसवंत सिंह सायसेरा ने कहा कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता की अनदेखी करना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 05 में बोरवेल खनन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड के लोगों को लंबे समय से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है और अब तक समाधान नहीं होने के कारण उन्हें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ रहा है।
अपने आवेदन में उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि 25 मार्च तक वार्ड क्रमांक 05 में बोरवेल खनन का कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता है, तो वे वार्डवासियों के समर्थन के साथ जनपद पंचायत मालखरौदा के सामने शांतिपूर्ण एवं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उनका कहना है कि यह कदम पूरी तरह से जनहित में उठाया जा रहा है और इसका उद्देश्य केवल वार्डवासियों को पेयजल की समस्या से राहत दिलाना है। उन्होंने उम्मीद जताया है कि प्रशासन इस जनहित से जुड़े मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करेगा। यदि प्रशासन द्वारा समय रहते इस समस्या का समाधान कर दिया जाता है और वार्ड में बोरवेल खनन का कार्य प्रारंभ हो जाता है, तो इससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही पेयजल संकट की समस्या का समाधान हो सकेगा।